Jamshedpur : राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो की पूर्वी सिंहभूम जिला टीम ने शनिवार को जिलाध्यक्ष धनंजय कुमार शर्मा के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी, पूर्वी सिंहभूम से औपचारिक मुलाकात की। इस अवसर पर टीम ने उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और जिले के सरकारी विद्यालयों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में राष्ट्रीय सह सचिव विनय चंद्रा, जिला उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह, जिला महासचिव मानस पॉल, जिला सचिव राजदीप सेन तथा सक्रिय सदस्य प्रकाश भी उपस्थित रहे।
मुलाकात के दौरान सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, छात्रों की उपस्थिति दर, विद्यालय भवनों के रख-रखाव की स्थिति और मिड डे मील योजना के संचालन जैसे अहम विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। टीम ने इस बात पर जोर दिया कि शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर वास्तविक स्थिति का आकलन आवश्यक है।
बैठक में स्कूलों के भौतिक निरीक्षण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि औपचारिक निरीक्षण के लिए सक्षम प्राधिकारी से आदेश प्राप्त करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण का आदेश उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम या झारखंड सरकार के सचिव स्तर से लिया जा सकता है। इसके बिना विभागीय स्तर पर निरीक्षण संभव नहीं होगा।
इस पर ब्यूरो की टीम ने निर्णय लिया कि वे जल्द ही उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को औपचारिक पत्र भेजकर सरकारी विद्यालयों के निरीक्षण की अनुमति मांगेंगे। आदेश प्राप्त होने के बाद जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। टीम के सदस्यों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार के लिए इस प्रकार की पहल आवश्यक है और वे आगे भी इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।