Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-02-22

Baharagora Fire Accident : NH-18 पर बड़ा हादसा टला, चलती यात्री बस में लगी भीषण आग, सूझबूझ से सभी यात्री सुरक्षित

Ranchi : रांची से भुवनेश्वर जा रही शांतिलता यात्री बस में शनिवार रात लगभग 10:45 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय उच्च पथ-18 स्थित मुराकाटी चौक के पास बस में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस धू-धू कर जल उठी।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने की वजह बस की बैटरी में शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। बताया जाता है कि अचानक धुआं उठते ही चालक ने स्थिति को भांप लिया और तत्काल बस रोककर सभी यात्रियों को सतर्क किया। चालक की सूझबूझ और तत्परता के कारण बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित नीचे उतर गए। इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।


घटना की जानकारी मिलते ही बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना की गई। हालांकि दमकल की टीम के पहुंचने से पहले ही आग पूरी बस को अपनी चपेट में ले चुकी थी। समाचार लिखे जाने तक दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए थे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बस में एसी चालू होने के कारण शुरुआती क्षणों में आग तेजी से केबिन के भीतर नहीं फैल पाई, जिससे यात्रियों को बाहर निकलने के लिए पर्याप्त समय मिल गया। यही वजह रही कि संभावित जानलेवा हादसा टल सका।

घटना के बाद NH-18 पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और आवागमन को नियंत्रित किया। फिलहाल प्रशासन आग लगने के सटीक कारणों की जांच में जुटा हुआ है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !