Jamshedpur : नगरपालिका चुनाव 2026 के तहत गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर से चाकुलिया नगर पंचायत, जुगसलाई नगर परिषद और मानगो नगर निगम के लिए पोलिंग पार्टियों को विधिवत रवाना किया गया। चुनावी तैयारियों के बीच प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी ने डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर मतदान सामग्री और मतपेटिका के वितरण की प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुनिश्चित करने को कहा कि सभी पोलिंग पार्टियों को सामग्री समय पर और पूर्ण रूप से उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पोलिंग पार्टियों से संवाद भी स्थापित किया और उन्हें स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन संपन्न कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन अनिवार्य है।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा, परिवहन और मतदान सामग्री की समुचित व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने भरोसा जताया कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न कराया जाएगा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाया जाएगा।