Jamshedpur: जमशेदपुर में आगामी निकाय चुनावों को लेकर जहाँ एक ओर प्रशासन मुस्तैद होने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर अपराधी पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला कदमा थाना क्षेत्र के रामनगर रोड नंबर 6 का है, जहाँ बीती रात अज्ञात चोरों ने शिव हनुमान मंदिर को अपना निशाना बनाया। चोरों ने मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी भारी मात्रा में नकदी चोरी कर ली और मौके से फरार हो गए।
तीन साल की जमा पूंजी ले उड़े चोर
मंदिर की देखरेख करने वाले चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। जानकारी के मुताबिक, उक्त दान पेटी पिछले करीब तीन वर्षों से नहीं खोली गई थी। इस कारण पेटी में अच्छी-खासी रकम होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, सटीक राशि का आकलन अभी नहीं हो पाया है, लेकिन स्थानीय लोगों का मानना है कि यह बड़ी रकम हो सकती है।
आक्रोशित हैं स्थानीय निवासी
मंदिर जैसे पवित्र स्थान पर हुई इस घटना से क्षेत्र के लोगों में काफी नाराजगी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि निकाय चुनाव के मद्देनजर पुलिस गश्त तेज होनी चाहिए थी, लेकिन चोरों ने जिस आसानी से मंदिर में सेंधमारी की, वह सुरक्षा के दावों की पोल खोलता है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना के एएसआई भोला राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मंदिर का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के घरों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने दावा किया है कि संदिग्धों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और अपराधी सलाखों के पीछे होंगे।फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अपनी जांच तेज कर दी है। अब देखना यह है कि चुनाव से पहले बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने में पुलिस कितनी सफल हो पाती है।
