Jamshedpur: जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत न्यू ग्वाला बस्ती इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 8 वर्षीय बालक शिवास रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। शनिवार दोपहर से गायब बच्चे का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिजनों में दहशत और चिंता का माहौल है।
खेलने निकला था, फिर वापस नहीं लौटा
परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवास के पिता राजा चौधरी ने कहा शनिवार दोपहर करीब 3:00 बजे रोज की तरह घर से खेलने के लिए निकला था। जब शाम ढलने के बाद भी वह घर नहीं लौटा, तो परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की। अनहोनी की आशंका से डरे परिजन पूरी रात उसे आसपास की गलियों और रिश्तेदारों के यहाँ ढूंढते रहे, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
दोस्तों ने कहा वह खेलने नहीं आया
मामले में चौंकाने वाली बात तब सामने आई जब शिवास के दोस्तों और पड़ोस के बच्चों से पूछताछ की गई। बच्चों ने बताया कि शनिवार को शिवास मैदान में खेलने के लिए आया ही नहीं था। इस जानकारी ने मामले को और भी गंभीर बना दिया है कि आखिर घर से निकलने के बाद बच्चा कहाँ गया।
पुलिस की कार्रवाई और अपील
परिजनों ने थक-हारकर सोनारी थाना में गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
बच्चे की पहचान कुछ इस प्रकार है, नाम शिवास, उम्र 08वर्ष, पिता राजा चौधरी पता न्यू ग्वाला बस्ती, यादव भवन के पास, सोनारी
संपर्क सूत्र, 9204196350
पुलिस और परिजनों से अपील
पुलिस और परिजनों ने आम जनता से भावुक अपील की है कि यदि किसी को भी इस बच्चे के बारे में कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे, तो तुरंत दिए गए मोबाइल नंबर या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें। आपकी एक छोटी सी कोशिश एक मासूम को उसके परिवार से मिला सकती है।