BREAKING: जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 9 में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला. सेंट जॉन स्कूल स्थित बूथ नंबर 1 पर मतदान के दौरान भाजपा समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह और उनके एजेंटों ने गंभीर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है. विवाद इतना बढ़ गया कि प्रत्याशी रिंकू सिंह खुद समर्थकों के साथ बूथ के बाहर धरने पर बैठ गईं, जिससे मतदान केंद्र पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई.
एजेंट के साथ मारपीट और “वोट चोरी” का आरोप
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत तब हुई जब रिंकू सिंह के पोलिंग एजेंट ने एक विशेष समुदाय की हो रही वोटिंग पर आपत्ति जताई. एजेंट का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई. इस घटना की खबर मिलते ही प्रत्याशी रिंकू सिंह मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए धरने पर बैठ गईं. समर्थकों द्वारा “वोट चोरी” के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है.
सुरक्षा में चूक: CRPF की जगह झारखंड पुलिस की तैनाती पर सवाल
प्रत्याशी और उनके समर्थकों का कहना है कि वार्ड नंबर 9 एक “अति संवेदनशील” बूथ की श्रेणी में आता है. उन्होंने पहले ही जिला प्रशासन से यहां सीआरपीएफ (CRPF) के जवानों की तैनाती की मांग की थी, लेकिन उनकी मांग को अनसुना कर दिया गया. समर्थकों का आरोप है कि झारखंड पुलिस के जवानों की मौजूदगी में गड़बड़ी को बढ़ावा मिल रहा है. उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक जिला निर्वाचन पदाधिकारी (DC) और चुनाव आयोग के अधिकारी खुद दखल नहीं देंगे, वे धरने से नहीं उठेंगे.