Adityapur News: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के आनंदपुर देवगांव में चुनाव के दौरान हिंसा की घटना सामने आई है. वार्ड संख्या 1 के प्रत्याशी वर्णमाली दास पर एक व्यक्ति से मारपीट करने का आरोप लगा है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बताया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले वर्णमाली दास का कथित रूप से पैसे बांटते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था. आरोप है कि वीडियो बनाने वाले व्यक्ति का मोबाइल प्रत्याशी द्वारा छीन लिया गया था. बताया जा रहा है कि मोबाइल वापस करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था.
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि चुनाव समाप्त होने के बाद जब मोबाइल लौटाने की मांग की गई तो वर्णमाली दास और उनके साथ मौजूद 10 से 12 लोगों ने जगबंधु महतो पर कथित रूप से दारू की बोतल से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए.
घटना के बाद घायल व्यक्ति ने आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव के दौरान इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बनता है. फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.