विवाद की जड़, निकाय चुनाव का मतदान
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को क्षेत्र में निकाय चुनाव के लिए मतदान हो रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मतदान केंद्र के पास हुआ मामूली विवाद शाम तक हिंसक मोड़ ले लेगा, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। आरोप है कि इसी विवाद का बदला लेने की नीयत से विशाल कुमार महतो नामक युवक ने विशाल सिंह के घर में प्रवेश किया और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
इलाके में दहशत, पुलिस की छापेमारी
घटना के बाद घायल विशाल सिंह लहूलुहान होकर गिर पड़े, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत टीएमएच ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, विशाल की स्थिति फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए हैं।आरोपी विशाल कुमार महतो की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
शांति की अपील
इस हिंसक वारदात के बाद इच्छापुर ग्वालापाड़ा क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय निवासियों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी जल्द ही कानून की गिरफ्त में होगा।