Adityapur Crime News: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनारायणपुर (सरना टोला) में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति बुधराम मुड़िया को हिरासत में ले लिया है. प्राथमिक जांच में मामला आपसी विवाद के बाद हत्या का प्रतीत हो रहा है.
घर के अंदर मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार, शिवनारायणपुर के सरना टोला स्थित कोनी बुद्धि के घर से पुलिस ने महिला का शव बरामद किया. सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम अचानक मौके पर पहुंची और बंद कमरे के अंदर से शव को अपने कब्जे में लिया.
आपसी विवाद में हत्या की आशंका
स्थानीय सूत्रों और पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी. बताया जा रहा है कि इसी आपसी विवाद के उग्र होने पर पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की जान ले ली. हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतका के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है.
पुलिस तफ्तीश में जुटी
आदित्यपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हिरासत में लिए गए पति से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और हत्या के तरीके का खुलासा हो पाएगा.