Jamshedpur: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय द्वारा विधानसभा में उठाए गए तीखे सवालों के बाद आखिरकार मानगो नगर निगम की लंबित योजनाओं का रास्ता साफ हो गया है। लगभग 3 करोड़ 62 लाख 35 हजार रुपये की लागत वाली छह महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को सरकार ने प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। विशेष बात यह है कि यह स्वीकृति 24 फरवरी 2026 को आनन-फानन में तब दी गई, जब अगले ही दिन विधानसभा में इस पर सवाल पूछा जाना था।
विभाग की कार्य-संस्कृति में खोट है
बुधवार को सदन में अपने तारांकित प्रश्न के माध्यम से विधायक सरयू राय ने नगर विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, "ऐसा लगता है कि विभाग की कार्य-संस्कृति में ही खोट है।" सरयू राय ने सदन को बताया कि इन योजनाओं की तकनीकी स्वीकृति एक साल पहले ही मिल चुकी थी, लेकिन प्रशासनिक स्वीकृति के लिए फाइल पिछले 10 महीनों से धूल फांक रही थी। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि अप्रैल 2025 से अब तक वे व्यक्तिगत रूप से तीन बार विभागीय मंत्री और तीन बार विभागीय सचिव से मिल चुके थे, फिर भी फाइल आगे नहीं बढ़ रही थी।
बिना सरकारी खर्च के होनी हैं योजनाएं
विधायक ने इस बात पर जोर दिया कि इन योजनाओं के लिए राज्य सरकार के खजाने से एक धेला भी खर्च नहीं होना है। इसके लिए आवश्यक निधि मानगो नगर निगम के पास पहले से ही संरक्षित है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, "आज विधानसभा में प्रश्न आया और सरकार ने कल शाम को स्वीकृति दे दी। अगर यह प्रश्न नहीं उठता, तो न जाने विभाग और कितना समय लेता।
विभागीय मंत्री ने सदन में पुष्टि की कि स्वीकृत्यादेश संख्या-136, दिनांक 24.02.2026 के माध्यम से इन छह योजनाओं को प्रशासनिक मंजूरी दे दी गई है। इन योजनाओं को मिली हरी झंडी मानगो नगर निगम क्षेत्र में अब निम्नलिखित कार्यों में तेजी आएगी
कुटकुटडुंगरी वार्ड 9 में पप्पू दास के घर से उलिडीह खनका तक RCC नाली 71,92,550/- 2 उलिडीह (वार्ड 9) में मिथिलेश के घर से डिमना रोड व क्रॉस रोड में RCC नाली 35,55,600/- सिंह जी के घर से दरभंगा डेयरी डिमना रोड तक RCC नाली निर्माण 71,45,500/- रामकृष्ण कॉलोनी से कंचन गैस एजेंसी तक RCC नाली निर्माण | 68,72,250/- मून सिटी वार्ड 10 के पास वृद्ध नागरिकों के लिए शेल्टर होम 28,13,450/- मानगो नगर निगम कार्यालय के समीप G+2 भवन का निर्माण 86,55,900/- कुल राशि 3,62,35,250/-