Railway News: होली के त्योहार पर होने वाली यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटानगर से चलने वाली दो प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है. रेलवे के इस फैसले से बिहार और मुंबई मार्ग पर यात्रा करने वाले सैकड़ों यात्रियों को कन्फर्म सीट और सफर में सहूलियत मिलेगी.
बक्सर और कुर्ला एक्सप्रेस में बढ़ाई गई क्षमता
दक्षिण पूर्व रेलवे जोन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 27 फरवरी को टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस में बढ़ती भीड़ के मद्देनजर एक अतिरिक्त जनरल कोच लगाया जाएगा. इसी तरह, टाटानगर होकर गुजरने वाली शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस में वेटिंग लिस्ट लंबी होने के कारण 27 फरवरी को ही एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ने का निर्णय लिया गया है.
होली को देखते हुए रेलवे की तैयारी
होली के मद्देनजर टाटानगर स्टेशन से बिहार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीटों की मारामारी चल रही है. यात्रियों की इसी परेशानी को कम करने के लिए रेलवे लगातार वेटिंग लिस्ट की निगरानी कर रहा है और मांग के अनुसार कोच की संख्या बढ़ा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि इन अतिरिक्त कोचों के जुड़ने से यात्रियों को यात्रा के दौरान होने वाली असुविधा से बड़ी राहत मिलेगी.