Chaibasa: चाईबासा के किरीबुरू स्थित खदान क्षेत्र में बुधवार को एक गंभीर हादसा हो गया। सर्विस सेंटर में नियमित काम के दौरान ट्रांसफार्मर में तेल भरते समय अचानक आग लग गई। इस घटना में ठेका मजदूर बिरसा बुरी तरह झुलस गया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है और डॉक्टर लगातार उसे बचाने की कोशिश में जुटे हैं।
स्पार्किंग से भड़की आग
किरीबुरू थाना क्षेत्र के आरसी सिंह हाटिंग निवासी बिरसा रोज की तरह अपनी ड्यूटी निभा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह ट्रांसफार्मर में तेल डाल रहा था, तभी अचानक पास की तार में स्पार्किंग हुई। चिंगारी गिरते ही तेल ने आग पकड़ ली और कुछ ही पलों में लपटें तेज हो गईं। किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और बिरसा आग की चपेट में आ गया।
प्राथमिक उपचार के बाद राउरकेला रेफर
घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों ने उसे बचाने की कोशिश की और जल्द से जल्द सेल के किरीबुरू जनरल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए आईजीएच राउरकेला रेफर कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, बिरसा का शरीर काफी हिस्से में झुलस गया है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
कार्यस्थल पर मचा हड़कंप, सुरक्षा पर उठे सवाल
हादसे के बाद खदान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों के बीच दहशत फैल गई। घटना की जांच शुरू कर दी गई है, लेकिन इस दुर्घटना ने एक बार फिर कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।