Jharkhand: झारखंड के 48 नगर निकायों में हुए चुनावों के परिणाम आज घोषित किए जाएंगे। मतगणना को लेकर पूरे राज्य में उत्सुकता का माहौल है, वहीं राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
काउंटिंग सेंटर पर सख्त निगरानी
रांची के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मतगणना केंद्र के बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई है। केंद्र में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान पत्र की जांच की जा रही है। इसके साथ ही गहन पूछताछ और सुरक्षा जांच के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि बिना वैध अनुमति के किसी भी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
अनजान लोगों और वाहनों पर रोक
सुरक्षा कारणों से मतगणना केंद्र के आसपास अनजान व्यक्तियों और संदिग्ध वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। विभिन्न चेक पोस्टों पर भी पुलिस मुस्तैदी से तैनात है और आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।
थोड़ी देर में शुरू होगी मतगणना
निर्धारित समय के अनुसार, कुछ ही देर में मतगणना प्रक्रिया शुरू होने वाली है। प्रशासन ने साफ किया है कि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।
चुनाव परिणामों को लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। अब सबकी नजरें मतगणना के नतीजों पर टिकी हुई है।