Jharkhand News: होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सरकार और पुलिस विभाग ने पूरी तैयारी शुरू कर दी है. पर्व के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या अप्रिय घटना से बचने के उद्देश्य से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
इसी क्रम में शुक्रवार को आईजी अभियान की ओर से एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया. आदेश में कहा गया है कि होली के समय जिलों में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध रहे, इसे सुनिश्चित करने के लिए सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं.
विशेष अनुमति के आधार पर छुट्टी मिल सकेगी
निर्देश के अनुसार यह आदेश होली पर्व की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा. इस अवधि में किसी भी पुलिसकर्मी को सामान्य अवकाश नहीं दिया जाएगा. केवल अत्यंत जरूरी परिस्थितियों, जैसे गंभीर बीमारी या परिवार में आपात स्थिति, में ही विशेष अनुमति के आधार पर छुट्टी मिल सकेगी.
प्रशासन का मानना है कि त्योहार के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतना आवश्यक है. इसी कारण सभी जिलों को अलर्ट मोड में रहने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों को गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखने और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बल तैनात करने के लिए कहा गया है.
सरकार और पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे होली का त्योहार आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी तरह की अफवाह या विवाद से दूर रहें.