Khunti: झारखंड के खूंटी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। पिपरा टोली के पास स्कूटी से घर लौट रहे जीजा और साले की सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घर से महज एक किलोमीटर पहले टूटी सांसें
मृतकों की पहचान बिरहु मोड़ निवासी प्रदीप महतो और रांची जिले के नगड़ी थाना क्षेत्र के कुली गांव निवासी संदीप प्रजापति के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रदीप महतो अपने जीजा संदीप प्रजापति के साथ डोड़मा स्थित अपनी बहन के घर मुंडन समारोह में शामिल होने गए थे।
कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों स्कूटी से खूंटी लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि प्रदीप के घर से करीब एक किलोमीटर पहले पिपरा टोली के पास उनकी स्कूटी अचानक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर की ट्रॉली से जा टकराई। रात का समय होने के कारण सड़क पर दृश्यता कम थी, जिससे हादसा और गंभीर हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के बाद सौंपे गए शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। शुक्रवार को दोनों शवों को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।
गांव में पसरा मातम, उठी सुरक्षा की मांग
इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर है। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक समारोह की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे लापरवाही से खड़े भारी वाहनों को हादसों की बड़ी वजह बताया है। उनका कहना है कि प्रशासन को ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।