Adityapur News: आगामी होली पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आरआईटी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक और होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की. इस दौरान स्थानीय लोगों ने नगर निगम चुनाव के दौरान मुस्तैद सुरक्षा व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी को पुष्प गुच्छ व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया.
सुरक्षा मानकों पर विस्तार से हुई चर्चा
बैठक के दौरान सुरक्षा मानकों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें पुलिस गश्ती बढ़ाने, स्टंटबाजों और अनियंत्रित बाइकर्स पर अंकुश लगाने तथा नदियों के पास विशेष निगरानी रखने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा, त्योहार के दौरान नशे की हालत में वाहन न चलाने और पानी के टैंकरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विमर्श हुआ. थाना प्रभारी ने सभी से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के विवाद या अवैध गतिविधियों से दूर रहकर शांतिपूर्ण तरीके से रंगोत्सव मनाएं.
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर अधिवक्ता ओम प्रकाश, कांग्रेस नेता जगदीश नारायण चौबे सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद जैसे कुमारी वेदना गोप, रिंकी कुमारी, रामप्रसाद मुखी, दुर्गा चरण बेसरा, नीतू शर्मा और अवधेश सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे. सभी जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को त्योहार के दौरान पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया ताकि क्षेत्र में आपसी भाईचारा बना रहे और हुड़दंगियों पर लगाम कसी जा सके.