Jamshedpur: जमशेदपुर केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में आयोजित की गई। बैठक मुख्य संरक्षक अभय सिंह के निर्देश पर बुलाई गई, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष अरुण सिंह ने की। कार्यक्रम का संचालन महासचिव प्रवीण सेठी ने किया।
बैठक में कोर ग्रुप के सभी सदस्यों ने हिस्सा लिया और आगामी रामनवमी महोत्सव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि 18 मार्च को हिन्दू नववर्ष यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 28 मार्च को रामनवमी शोभा यात्रा सह विसर्जन का आयोजन किया जाएगा।
कार्यकारी अध्यक्ष नितिन त्रिवेदी ने कहा कि इस बार के महोत्सव में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि आयोजन और अधिक भव्य और अनुशासित तरीके से संपन्न हो सके।
संरक्षक पन्ना सिंह जंघेल ने सुझाव दिया कि सोनारी क्षेत्र में विसर्जन देर रात तक न हो, इसके लिए वहां की सभी समितियों के साथ समन्वय बैठक की जानी चाहिए। वहीं सोनारी के अशोक जैन ने जिला परिषद से अनुरोध किया कि रामनवमी के नजदीक अनावश्यक बैठकों और कागजी प्रक्रियाओं से बचा जाए।
कदमा संकट मोचन हनुमान अखाड़ा के उत्तम कुमार दास ने कदमा उलियान मोड़ स्थित हनुमान मंदिर के पास ऑनलाइन डिलीवरी बाइकों के कारण हो रहे अतिक्रमण पर चिंता जताई और संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
केंद्रीय अध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा कि शहर की सभी अखाड़ा समितियों को एक सूत्र में बांधकर संगठन को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भविष्य में समिति का और विस्तार किया जाएगा।
विश्व हिन्दू परिषद जमशेदपुर महानगर के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने भी आयोजन में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में संरक्षक सुमन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष दिलजय बोस, सचिव विजय तिवारी, सह सचिव उत्तम कुमार दास, जीतेंद्र प्रमाणिक, बजरंग दल संयोजक चंदन दास सहित विभिन्न अखाड़ा समितियों के कई सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई और सभी ने मिलकर सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन का संकल्प लिया।