Jamshedpur News: मानगो नगर निगम चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद प्रत्याशी संध्या सिंह ने मानगो की जनता के नाम संदेश जारी कर आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि चुनाव में भले ही अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी, लेकिन जनता का स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद ही उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी है.
संध्या सिंह ने अपने संदेश में कहा कि मानगो की सम्मानित जनता ने जिस विश्वास और प्रेम के साथ उनका साथ दिया, उसके लिए वह हृदय से कृतज्ञ हैं. उन्होंने कहा कि यही विश्वास उन्हें नई ऊर्जा और आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव परिणाम चाहे जो भी हो, वह मानगो की जनता के हर सुख-दुख और समस्याओं में पहले की तरह मजबूती से खड़ी रहेंगी. जनसेवा में किसी प्रकार की कमी नहीं आने देने का उन्होंने संकल्प दोहराया.
लोकतंत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हार और जीत एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन जनता का विश्वास ही वास्तविक विजय है.
संध्या सिंह ने भारतीय जनता पार्टी और एनडीए परिवार के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का विशेष रूप से आभार जताया. उन्होंने कहा कि सभी के समर्पण और निष्ठा के बिना यह चुनावी यात्रा संभव नहीं थी.
अंत में उन्होंने मानगो के विकास और जनसेवा के लिए सदैव तत्पर रहने की बात कही और भविष्य में भी जनता के मार्गदर्शन, सहयोग और आशीर्वाद की अपेक्षा जताई.