Ranchi News: इजरायल और ईरान के बीच छिड़े भीषण युद्ध की तपिश अब झारखंड के परिवारों तक पहुंच गई है. रांची के रहने वाले करीब 90 लोग इस वक्त दुबई में फंसे हुए हैं और युद्ध के हालातों के बीच सुरक्षित भारत लौटने के लिए छटपटा रहे हैं. इन लोगों ने एक वीडियो जारी कर भारत सरकार और प्रधानमंत्री से तत्काल रेस्क्यू करने की अपील की है.
एयरपोर्ट पर धमाके और मची भगदड़
दुबई में फंसे सोनू नामक व्यक्ति ने वीडियो के जरिए बताया कि उनकी 90 सदस्यीय टीम 24 फरवरी को रांची से दुबई भ्रमण के लिए गई थी. कार्यक्रम के अनुसार, 28 फरवरी को उन्हें अबू धाबी एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए उड़ान भरनी थी. वे सभी बस से एयरपोर्ट पहुंचे ही थे कि अचानक वहां जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगीं. हमले की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट को तुरंत बंद कर दिया गया और उड़ानों पर रोक लगा दी गई.
होटल में दहशत का माहौल
सोनू ने बताया कि एयरपोर्ट बंद होने के बाद प्रशासन ने उन्हें किसी तरह बस के जरिए वापस दुबई लाकर एक होटल में ठहराया है. उन्होंने कहा, "हम होटल में सुरक्षित तो हैं, लेकिन रुक-रुक कर हो रहे धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही हैं, जिससे पूरी टीम डरी हुई है." युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाएं बाधित हैं, जिससे उन्हें वापसी की फ्लाइट नहीं मिल पा रही है. फिलहाल सभी 90 लोग एक ही जगह पर एकजुट हैं और सरकारी मदद का इंतजार कर रहे हैं.