Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-03

Ranchi Crime News: होली से पहले रांची में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन युवक गिरफ्तार

Ranchi: होली से ठीक पहले राजधानी में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर हिनू इलाके में छापेमारी कर एक मिनी अवैध शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश किया गया। मौके से भारी मात्रा में तैयार नकली शराब, सैकड़ों खाली बोतलें, ढक्कन, कॉर्क और पैकिंग सामग्री बरामद की गई।

ऑनलाइन ऑर्डर लेकर की जा रही थी सप्लाई
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन ऑर्डर लेकर शहर के अलग-अलग इलाकों में नकली शराब की आपूर्ति करते थे। सहायक उत्पाद आयुक्त उमा शंकर सिंह के निर्देश पर टीम ने जाल बिछाया। विभाग के अधिकारियों ने ग्राहक बनकर शराब का ऑर्डर दिया। जैसे ही डिलीवरी के लिए युवक पहुंचे, टीम ने उन्हें पकड़ लिया।

इसके बाद बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की गई, जहां घर के भीतर ही अवैध शराब तैयार करने का पूरा इंतजाम मिला।

चोरी की बाइक से होती थी डिलीवरी
कार्रवाई के दौरान रौनक कुमार, पवन कुमार और मुन्ना को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी की बाइक और स्कूटी से घूम-घूमकर सप्लाई करते थे। मौके से एक स्कूटी और एक बाइक भी जब्त की गई है, जिनका इस्तेमाल शराब ढुलाई में किया जाता था।

होली को लेकर बढ़ी थी तैयारी
अधिकारियों के अनुसार, त्योहार को देखते हुए शहर में अवैध शराब की खपत बढ़ाने की योजना बनाई जा रही थी। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी मात्रा में नकली शराब बाजार में पहुंचने से रोक दी गई।

उत्पाद विभाग के सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि होली के मद्देनजर अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !