Tatanagar: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर नशे के सौदागरों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन नार्कोस के तहत टीम ने छापेमारी कर तीन शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 3.56 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
लेन-देन के दौरान दबोचे गए आरोपी
आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, चक्रधरपुर मंडल की विशेष टीम को सूचना मिली थी कि स्टेशन परिसर में नशीले पदार्थों की खरीद-बख्त होने वाली है। घेराबंदी के दौरान टीम ने तीन व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है, मुस्तकीम अंसारी उर्फ रतन, निवासी किताडीह, परसुडीह। बसंत उपाध्याय उर्फ डेफिनिटी, निवासी कैरेज कॉलोनी, बर्मामाइंस। राहुल कुमार डे निवासी खालसा क्लब के पास, गोलमुरी।
सरायकेला से जमशेदपुर तक फैला था नेटवर्क
पूछताछ में यह बात सामने आई कि मुख्य आरोपी मुस्तकीम अंसारी सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर इलाके से ब्राउन शुगर की खेप लेकर आया था। वह टाटानगर स्टेशन परिसर में बसंत और राहुल को यह नशीला पदार्थ बेच रहा था, तभी आरपीएफ ने उन्हें दबोच लिया।
बरामदगी का विवरण
आरपीएफ ने आरोपियों के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है, उनमें है ब्राउन शुगर 28 पुड़िया कुल वजन 3.56 ग्राम, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 3,56,000 रुपये आंकी गई है। नकद राशि, 4,330 रुपये, तीन मोबाइल फोन। बरामद किए गए कुल सामान की कुल कीमत करीब 4,20,330 रुपये बताई जा रही है।
आपको बताते है क्या है ऑपरेशन नार्कोस
रेलवे के माध्यम से नशीले पदार्थों की तस्करी को जड़ से खत्म करने के लिए आरपीएफ द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर ऑपरेशन नार्कोस चलाया जा रहा है। इसके तहत स्टेशनों और ट्रेनों में संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जाती है। इस सफल कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि टाटानगर स्टेशन का उपयोग नशा तस्करी के लिए करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है।