Palamu: झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र स्थित हीरा सिकनी गांव में होली के जश्न के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई। आपसी विवाद के बाद गांव के ही एक युवक ने बुजुर्ग व्यक्ति की टांगी से हमला कर हत्या कर दी। घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है। गुरुवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
कहासुनी से शुरू हुआ विवाद, हिंसा में बदला
स्थानीय लोगों के अनुसार होली के मौके पर गांव में उत्सव का माहौल था और कई लोग नशे की हालत में भी थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर 70 वर्षीय विश्वनाथ रजवार और 25 वर्षीय कपिल रजवार के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और गुस्से में कपिल रजवार ने टांगी उठाकर विश्वनाथ रजवार पर कई वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही हुसैनाबाद थाना की पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। शुरुआती जांच में पुलिस ने बताया कि आपसी विवाद और शराब के नशे में यह वारदात हुई हो सकती है।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं। जिस दिन पूरे गांव में होली का उत्सव मनाया जा रहा था, उसी दिन हुई इस वारदात ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।