Jharkhand News: झारखंड की “पहाड़ों की रानी” नेतरहाट जल्द ही एक नए कलेवर में नजर आएगी. राज्य सरकार ने जमशेदपुर के प्रसिद्ध निक्को जुबली पार्क की तर्ज पर यहां एक एम्यूजमेंट पार्क बनाने का निर्णय लिया है. पर्यटन विभाग ने इसके लिए लातेहार उपायुक्त से जमीन चिह्नित कर विस्तृत प्रस्ताव मांगा है.
रोमांचक राइड्स और वाटर पार्क का मजा
इस नए एम्यूजमेंट पार्क में सैलानियों के लिए रोमांचक राइड्स, वाटर पार्क (स्प्लैश जोन) और बच्चों के लिए खास प्ले एरिया विकसित किया जाएगा. इसके निर्माण के लिए केंद्र सरकार से भी आर्थिक सहयोग लेने की योजना है, ताकि इसे विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में उभारा जा सके.
नेतरहाट के विकास पर 43 करोड़ होंगे खर्च
नेतरहाट को पहले ही “A” श्रेणी के पर्यटन स्थल का दर्जा मिल चुका है. राज्य सरकार ने इसके संपूर्ण विकास के लिए 43.08 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है. एम्यूजमेंट पार्क के अलावा यहां कोयल व्यू प्वाइंट और नेतरहाट लेक के पास भी सौंदर्यीकरण का काम तेजी से चल रहा है.
बढ़ेगा पर्यटन और स्थानीय रोजगार
नेतरहाट अपने सनसेट और प्राकृतिक सुंदरता के लिए देश भर में मशहूर है. यहां एम्यूजमेंट पार्क बनने से पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा होने की उम्मीद है. इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.