Bihar Politics: बिहार की सियासत में आज एक युग के परिवर्तन की शुरुआत हो गई. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार (5 मार्च) को राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया. इस मौके पर उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और एनडीए के कई नेता मौजूद रहे. नामांकन के साथ ही यह साफ हो गया है कि नीतीश कुमार अब बिहार की सक्रिय राजनीति से निकलकर दिल्ली का रुख करने वाले हैं.
भावुक पोस्ट से दी जानकारी
नामांकन से ठीक पहले नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “X” पर एक लंबा और भावुक पोस्ट साझा किया. उन्होंने बिहार की जनता का आभार जताते हुए कहा कि पिछले दो दशकों से मिले समर्थन के कारण ही बिहार आज विकास के नए आयाम छू रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनकी इच्छा बिहार के दोनों सदनों और संसद के दोनों सदनों का सदस्य बनने की थी, जिसे वे अब पूरा करने जा रहे हैं.
मुख्यमंत्री पद से देंगे इस्तीफा
रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के महज कुछ समय बाद ही नीतीश कुमार का यह फैसला सबको हैरान करने वाला है. उन्होंने अपने संदेश में साफ संकेत दिया है कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे. उन्होंने कहा कि बिहार में जो भी नई सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा. उनके इस बयान ने राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर मुहर लगा दी है.
अगला मुख्यमंत्री कौन? सस्पेंस गहराया
नीतीश कुमार के इस कदम के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि बिहार की कमान किसके हाथों में होगी. एनडीए के भीतर नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर मंथन तेज हो गया है. बीजेपी और जेडीयू के बीच शक्ति संतुलन और भविष्य की रणनीति को देखते हुए कई नामों पर चर्चा हो रही है. बिहार की जनता और राजनीतिक विश्लेषकों की नजरें अब लोकभवन की अगली हलचल पर टिकी हैं.