Ranchi: रांची के नामकुम थाना की हाजत में एक हत्यारोपी की मौत का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने सख्त कदम उठाए हैं। मामले में लापरवाही के आरोप में थानेदार समेत सात पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है।
तत्काल प्रभाव से पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो चौकीदारों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा जिला प्रशासन से की गई है। साथ ही नामकुम थाना प्रभारी के निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
बेटे के अपहरण की शिकायत से शुरू हुआ मामला
पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब अंजु देवी (32) नामक महिला ने नामकुम थाना में शिकायत दर्ज कराई कि उसके 12 वर्षीय बेटे रमेश का अपहरण कर लिया गया है। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी जगाई मुंडा और अंजु देवी के बीच पिछले पांच से छह वर्षों से प्रेम संबंध थे।
बताया जा रहा है कि हाल ही में जगाई मुंडा की पत्नी को इस रिश्ते की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद अंजु देवी ने उससे दूरी बना ली। इसी बात से नाराज होकर जगाई मुंडा ने अंजु को धमकी दी और 2 मार्च को उसके बेटे रमेश को स्कूल से अगवा कर लिया।
जंगल में ले जाकर की हत्या
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह बच्चे को बाइक पर बैठाकर रामगढ़ के मुइयाडीह जंगल ले गया था। वहां उसने मासूम का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
अपनी पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने पत्थर से बच्चे का चेहरा भी बुरी तरह कुचल दिया। बाद में पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल से बच्चे का शव बरामद कर लिया।
हाजत में मिली आरोपी की लाश
गिरफ्तारी के बाद आरोपी जगाई मुंडा को नामकुम थाना लाया गया था। उसकी निगरानी के लिए हाजत के बाहर पांच पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
लेकिन देर रात अचानक उसकी मौत की खबर सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी का शव हाजत के लोहे के गेट से कंबल की धारी वाले कपड़े से बने फंदे के सहारे लटका हुआ मिला। इस घटना ने पुलिस व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पांच पुलिसकर्मी निलंबित, दो पर अनुशासनिक कार्रवाई की सिफारिश
घटना के बाद एसएसपी राकेश रंजन ने तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए एएसआई प्रभुवन कुमार, हवलदार सुधीर शर्मा, गयानंद, सिपाही मुकेश ठाकुर और राहुल प्रताप सिंह को निलंबित कर दिया।
इसके अलावा चौकीदार रेहान अंसारी और महानंद टोप्पो के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई के लिए रांची के उपायुक्त से अनुशंसा की गई है। वहीं, नामकुम थाना प्रभारी के निलंबन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा दी गई है।