Ranchi Breaking: रांची में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए अज्ञात अपराधियों ने अब रातू रोड स्थित गैलेक्सिया मॉल के पासपोर्ट ऑफिस को निशाना बनाने की धमकी दी है. अपराधियों द्वारा भेजे गए एक धमकी भरे ईमेल के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और बम निरोधक दस्ता (BDS) मौके पर पहुंच गया और गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया.
कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में सर्च ऑपरेशन
धमकी भरा संदेश मिलने के तुरंत बाद कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गैलेक्सिया मॉल पहुंची. पुलिस और बीडीएस की टीम ने पासपोर्ट कार्यालय के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली. हालांकि, काफी खोजबीन के बाद भी पुलिस को अब तक कोई संदिग्ध सामान या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है.
एक सप्ताह में दूसरी बड़ी धमकी से सनसनी
गौरतलब है कि रांची में बम से उड़ाने की यह पहली धमकी नहीं है. पिछले सप्ताह ही रांची सिविल कोर्ट को भी इसी तरह के एक अज्ञात ईमेल के जरिए आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी गई थी. कोर्ट के बाद अब पासपोर्ट ऑफिस जैसी महत्वपूर्ण जगह को निशाना बनाने की बात सामने आने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं. लगातार मिल रही इन धमकियों ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और जांच जारी
धमकी भरे मेल मिलने के बाद पासपोर्ट ऑफिस और आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. जिला प्रशासन ने लोगों से पैनिक न होने की अपील की है, लेकिन एहतियात के तौर पर मॉल में आने-जाने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है. पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या सिविल कोर्ट और पासपोर्ट ऑफिस को धमकी देने के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है या यह किसी की शरारत है.