Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत, उप विकास आयुक्त-सह-परियोजना निदेशक आईटीडीए रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल तथा सभी अंचलाधिकारी उपस्थित रहे.
बैठक के दौरान विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई. प्रस्तुत जानकारी के अनुसार सड़क दुर्घटना से जुड़े 20, पानी में डूबने से संबंधित 04, अतिवृष्टि से जुड़े 126, अतिवृष्टि से मृत्यु के 03, सर्पदंश से मृत्यु का 01 तथा वज्रपात से मृत्यु के 02 मामलों सहित अन्य आवेदन प्राप्त हुए हैं.
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आपदा प्रबंधन के विभिन्न प्रावधानों के तहत निर्धारित अनुग्रह अनुदान राशि मृतकों के आश्रितों एवं प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों तथा अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा प्रबंधन से जुड़े लंबित मामलों की सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर सत्यापन के बाद जिला स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत करें.
उपायुक्त ने यह भी कहा कि आपदा पीड़ित परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके, इसके लिए जिला आपदा प्रबंधन से संबंधित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार पंचायत स्तर तक सुनिश्चित किया जाए. साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों और विद्यालयों में “आपदा के समय क्या करें और क्या न करें” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए.