Iran-Israel Conflict: पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ा इजाफा कर दिया है। नई दरों के तहत ईंधन की कीमतों में करीब 20 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है। सरकार के फैसले के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमत में लगभग 55 (पाकिस्तानी रुपये) प्रति लीटर तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
पेट्रोल 335.86 और डीजल 321.17 रुपये प्रति लीटर
नई कीमतें लागू होने के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल का दाम बढ़कर 335.86 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल की कीमत भी बढ़कर 321.17 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। इस फैसले का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
अंतरराष्ट्रीय हालात को बताया वजह
सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के साथ-साथ मध्य पूर्व के हालात की वजह से वैश्विक बाजार में तेल महंगा हुआ है। इसी कारण सरकार को ईंधन के दाम बढ़ाने का फैसला लेना पड़ा।
पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारें
कीमतों में बढ़ोतरी की खबर सामने आते ही पाकिस्तान के कई बड़े शहरों में पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लाहौर और कराची जैसे शहरों में लोग घंटों लाइन में खड़े होकर पेट्रोल भरवाते नजर आए। कई लोगों को आशंका है कि आने वाले दिनों में ईंधन की कमी भी हो सकती है, इसलिए वे पहले से ही तेल भरवाने के लिए पहुंच रहे हैं।