एक ही रात में कई घरों में की चोरी
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात इस गिरोह ने निमियाघाट थाना क्षेत्र के रोशनाटुंडा इलाके में करीब 12 बंद घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरी करने के बाद बदमाशों की नजर जीटी रोड किनारे प्रतापपुर स्थित बिजली विभाग के पावर हाउस पर भी पड़ गई।
पावर हाउस में घुसकर ट्रांसफार्मर खोलने की कोशिश
बताया जाता है कि छह की संख्या में अपराधी पावर हाउस के अंदर घुस गए और ट्रांसफार्मर को खोलकर उसके तार चोरी करने की योजना बना रहे थे। इसके लिए वे अपने साथ कई तरह के औजार और हथियार भी लेकर पहुंचे थे।
पुलिस ने पीछा कर तीन अपराधियों को दबोचा
इसी बीच निमियाघाट थाना पुलिस को घटना की सूचना मिल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अपराधियों का पीछा किया। कार्रवाई के दौरान तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीन अन्य मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पूछताछ में कई चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों की पहचान श्याम कुमार पंडित, अरुण कुमार पंडित और विकास कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान इन आरोपियों ने रोशनाटुंडा में बंद घरों में चोरी करने के अलावा खंखीकला इलाके से मोबाइल टावर की बैटरी चोरी करने की बात भी कबूल की है।
चोरी का सामान और कार बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पहले चोरी किए गए एक ट्रक का टायर रिम सहित बरामद किया है। इसके अलावा उनके पास से एक ग्रे रंग की स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई है। साथ ही रेंच, पाइप रेंच, कटर, चाकू, प्लास समेत कई औजार भी बरामद हुए हैं।
फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस पूरी कार्रवाई में डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद, पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो, पुलिस निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार और थाना की पुलिस टीम शामिल रही।