Dhanbad News: धनबाद के झरिया थाना अंतर्गत बस्ताकोला इलाके में रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक भयानक हादसा हुआ. एक प्लाई गोदाम में अचानक घरेलू गैस सिलेंडर फट गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ. विस्फोट के बाद लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया.
गोदाम मालिक और कर्मचारी घायल
हादसे के वक्त गोदाम के अंदर काम चल रहा था. आग की तेज लपटों की चपेट में आने से गोदाम मालिक राजू अग्रवाल और वहां काम करने वाले दो कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए. स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए तीनों को बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. घायलों की स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है.
मवेशियों को बचाने की जद्दोजहद
गोदाम के पास ही मवेशी भी बंधे हुए थे. आग की तपिश से एक मवेशी गंभीर रूप से झुलस गया, लेकिन स्थानीय युवाओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर अन्य मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. उनकी इस तत्परता की वजह से बेजुबान जानवरों की जान बच सकी, वरना नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था.
दमकल की चार गाड़ियों ने पाया काबू
प्लाई और लकड़ी के सामान होने की वजह से आग तेजी से फैली, जिसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं. सूचना मिलते ही झरिया थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम घटना स्थल पर पहुंची. आग पर काबू पाने के लिए दमकल की चार गाड़ियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. घंटों की मेहनत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया जा सका.