Ramgarh: रामगढ़ जिले के छतरमांडू बॉर्डर के समीप रविवार देर रात एक सड़क हादसे ने कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मचा दी। झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो के काफिले के साथ चल रही पुलिस एस्कॉर्ट गाड़ी को सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि मंत्री के काफिले में शामिल वाहन को भी हल्का नुकसान पहुंचा।
नशे में बताए जा रहे बोलेरो चालक ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार मंत्री का काफिला रांची की ओर बढ़ रहा था और एस्कॉर्ट वाहन आगे चल रहा था। इसी दौरान छतरमांडू के पास रामगढ़ से कसमार की ओर जा रही एक बोलेरो ने सामने से आकर एस्कॉर्ट वाहन को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बोलेरो चालक नशे की हालत में था। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो के एयरबैग भी खुल गए और मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तीन पुलिसकर्मी घायल, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
इस हादसे में रामगढ़ थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर विकास कुमार, पेट्रोलिंग वाहन के चालक और एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि पेट्रोलिंग वाहन के चालक की सतर्कता और समझदारी के कारण बड़ा हादसा टल गया। यदि समय रहते वाहन को नियंत्रित नहीं किया जाता तो काफिले में शामिल अन्य गाड़ियों को भी नुकसान हो सकता था।
मंत्री खुद घायलों को लेकर पहुंचे अस्पताल
दुर्घटना के बाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो खुद घटनास्थल पर रुके और घायलों को तुरंत रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडे भी अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
डॉक्टरों के अनुसार घायल पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि सब इंस्पेक्टर के चेहरे पर वाहन के शीशे से कट के निशान आए हैं। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
इधर पुलिस ने हादसे में शामिल बोलेरो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को रामगढ़ थाना लाया गया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।