Ranchi News: रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े हुए हत्याकांड ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने रांची पुलिस के आला अधिकारियों के साथ आपातकालीन बैठक की. बैठक में आईपीएस मनोज कौशिक, आईपीएस राकेश रंजन, सिटी एसपी और एयरपोर्ट थाना प्रभारी मुख्य रूप से शामिल हुए. डीजीपी ने राजधानी की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सख्त नाराजगी जाहिर की और अपराधियों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए.
लापरवाही की खुली पोल
इस हत्याकांड के बाद रांची पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. जानकारी के अनुसार, होटल संचालक ने दिसंबर माह में ही एयरपोर्ट थाने को लिखित में सूचना दी थी कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. इसके बावजूद पुलिस ने इस शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और कोई सुरक्षात्मक कदम नहीं उठाए. पुलिस की इसी सुस्ती का नतीजा रहा कि अपराधियों ने बेखौफ होकर रेस्टोरेंट में घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें मनीष गोप की जान चली गई.
ताबड़तोड़ फायरिंग और मनीष की मौत
गौरतलब है कि एयरपोर्ट इलाके के इस रेस्टोरेंट में अपराधियों ने घुसकर होटल संचालक के चचेरे भाई मनीष गोप को निशाना बनाया था.