Jharkhand: कोवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हल्दीपोखर मुख्य बाजार में सोमवार को ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दो संदिग्ध बाइक चोरों को रंगे हाथों पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जिनसे फिलहाल गहन पूछताछ की जा रही है।
साप्ताहिक हाट से चोरी हुई थी बाइक
जानकारी के अनुसार, तेंतला निवासी अनिल सरदार की होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बीते शनिवार को हल्दीपोखर साप्ताहिक हाट से चोरी हो गई थी। इस संबंध में पीड़ित द्वारा कोवाली थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। तभी से स्थानीय ग्रामीण और बाइक मालिक संदिग्धों पर नजर रखे हुए थे।
नंबर प्लेट हटाकर घूम रहे थे आरोपी
सोमवार को चोरी की गई वही बाइक हल्दीपोखर बाजार में देखी गई। चोरों ने पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट हटा दी थी। संयोगवश बाइक मालिक और उसके दोस्तों की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने तुरंत बाइक सवार दोनों युवकों को रोक लिया और गाड़ी के कागजात मांगे। कोई भी दस्तावेज पेश न कर पाने और संदिग्ध व्यवहार के कारण ग्रामीणों का शक यकीन में बदल गया।
नशे की हालत में थे आरोपी
घटना की सूचना तुरंत हल्दीपोखर टीओपी को दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पकड़े गए दोनों व्यक्ति नशे की हालत में थे। पूछताछ के दौरान एक आरोपी ने अपना नाम कौशिक गोप बताया है कोवाली थाना पुलिस दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है ताकि क्षेत्र में सक्रिय अन्य बाइक चोर गिरोहों का खुलासा हो सके। ग्रामीणों की इस सतर्कता की पूरे इलाके में सराहना हो रही है।