Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-10

Jamshedpur Breaking: बहरागोड़ा में केनरा बैंक से 15 लाख की सनसनीखेज लूट, हथियारबंद बदमाशों ने ग्राहकों के जेवरात भी छीने, कर्मियों को अंदर बंद कर भागे

Jamshedpur Breaking: लौहनगरी जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके बहरागोड़ा में मंगलवार को अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया. साकरा पंचायत स्थित केनरा बैंक में दोपहर के वक्त पांच से छह नकाबपोश अपराधियों ने धावा बोला और हथियार के बल पर लगभग 15 लाख रुपये सहित कीमती सामान लेकर फरार हो गए.

दोपहर के वक्त अचानक बोला हमला
बैंक प्रबंधक नानाजी राव के अनुसार, यह पूरी वारदात मंगलवार दोपहर करीब 1:45 बजे हुई. उस समय बैंक में ग्राहक अपने काम निपटा रहे थे और कर्मचारी ड्यूटी पर थे. तभी अचानक पांच से छह हथियारबंद अपराधी बैंक परिसर में घुसे और पूरे स्टाफ को बंदूक की नोक पर ले लिया. अपराधियों के पास देशी कट्टा और धारदार हथियार मौजूद थे.

लॉकर नहीं खुला तो कर्मियों को बनाया निशाना
अपराधी बैंक के मुख्य लॉकर को लूटने की नीयत से आए थे, लेकिन जब वे उसे खोलने में नाकाम रहे, तो उन्होंने वहां मौजूद लोगों को लूटना शुरू कर दिया. बदमाशों ने बैंक के सहायक प्रबंधक सौरभ वर्मा के गले से सोने की चेन और अंगूठी छीन ली. इसके अलावा वहां मौजूद ग्राहकों के आभूषण और सभी लोगों के मोबाइल फोन भी लूट लिए ताकि कोई पुलिस को सूचना न दे सके.

बाहर से ताला लगाकर हुए फरार
लूटपाट के बाद अपराधियों ने शातिराना तरीका अपनाया. उन्होंने सभी बैंक कर्मियों और ग्राहकों को एक कमरे की तरफ धकेला और बैंक के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लटका दिया. ताला लगाकर फरार होने की वजह से अपराधी आसानी से भाग निकले और काफी देर तक किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी.

पुलिस ने ताला काटकर लोगों को निकाला
जब बैंक के अंदर से लोगों के चिल्लाने की आवाज आई, तब स्थानीय ग्रामीणों को घटना का पता चला. सूचना मिलते ही बहरागोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और गेट का ताला काटकर अंदर फंसे कर्मियों और ग्राहकों को बाहर निकाला. पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी है और अपराधियों की तलाश में सघन छापेमारी शुरू कर दी है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !