Adityapur News: झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (जियाडा) के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन ने मंगलवार को जियाडा सभागार में औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों में सामने आ रही समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम तय करना था.
बैठक के दौरान उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर सड़कों की स्थिति खराब है और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से भी परेशानी हो रही है. इसके अलावा लेवी से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक मुद्दों को लेकर भी उद्यमियों ने अपनी चिंताएं व्यक्त कीं. उनका कहना था कि इन समस्याओं का असर उत्पादन और परिवहन व्यवस्था पर पड़ रहा है.
प्रबंध निदेशक वरुण रंजन ने उद्यमियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों के विकास और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना तैयार की जाएगी. साथ ही संबंधित अधिकारियों को विभिन्न समस्याओं का आकलन कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया.
बैठक में नए उद्योगों की स्थापना और मौजूदा इकाइयों के विस्तार के लिए जमीन आवंटन का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया. उद्यमियों ने आवंटन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की मांग की. इस पर एमडी ने भरोसा दिलाया कि निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए जमीन आवंटन से जुड़ी बाधाओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा.