Jharkhand Weather Update: झारखंड में मौसम इन दिनों लगातार बदलता नजर आ रहा है. राजधानी रांची में मंगलवार शाम हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया, वहीं मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. दूसरी ओर जमशेदपुर में बुधवार को तेज गर्मी पड़ने और तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना जताई गई है.
रांची समेत कई जिलों में हुई बारिश
झारखंड की राजधानी रांची में मंगलवार शाम से ही मौसम का मिजाज बदल गया. शाम होते-होते आसमान में आंशिक बादल छा गए और करीब 7 बजे के आसपास तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं और हल्की बौछारों ने मौसम को काफी सुहाना बना दिया.
ऐसे ही हालात सरायकेला, जमशेदपुर और गिरिडीह जैसे जिलों में भी देखने को मिले, जहां शाम के समय बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली.
17 जिलों में बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने झारखंड के 17 जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें देवघर, पाकुड़, गोड्डा, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गिरिडीह, जामताड़ा, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिम सिंहभूम समेत कई जिले शामिल हैं.
इन जिलों में शाम के समय झमाझम बारिश होने की संभावना है. साथ ही हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें.
जमशेदपुर में बढ़ेगी गर्मी, 38°C तक जा सकता है तापमान
इधर जमशेदपुर में इन दिनों गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को शहर का तापमान काफी बढ़ सकता है और दिन में तेज गर्मी महसूस हो सकती है. हालांकि रात के समय तापमान में थोड़ी कमी आने की संभावना है.
हवा की रफ्तार से मिल सकती है हल्की राहत.
जमशेदपुर में फिलहाल हवा की गति लगभग 7.6 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई है. हल्की हवा चलने से गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन दिन के समय तेज धूप रहने की संभावना बनी हुई है.
शहरों का तापमान और AQI
मौसम में हो रहे बदलाव के बीच झारखंड के कई प्रमुख शहरों में तापमान और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) का स्तर अलग-अलग दर्ज किया गया है. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम 18°C दर्ज किया गया, जबकि यहां AQI 159 रहा जो मध्यम श्रेणी में आता है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम 22°C रहा तथा AQI 170 दर्ज किया गया. वहीं धनबाद में अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम 21°C के साथ AQI 221 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है. बोकारो में अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम 20°C दर्ज किया गया और यहां AQI 150 रहा. इसके अलावा पलामू में अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम 22°C के साथ AQI 170 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में माना जाता है.
सूर्योदय और सूर्यास्त का समय
आज जमशेदपुर में सूर्योदय सुबह करीब 05:58 बजे हो गया ,जबकि सूर्यास्त शाम 05:53 बजे होने की संभावना है. जहां कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं जमशेदपुर समेत कुछ इलाकों में गर्मी का असर भी बढ़ सकता है. ऐसे में लोगों को मौसम के बदलते हालात को देखते हुए सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की जरूरत है.