Chaibasa News: चाईबासा के मंझारी प्रखंड के भागाबिला पंचायत स्थित लामजारी गांव में बन रहे चेक डैम के निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली. ग्रामीणों ने लघु सिंचाई विभाग की ओर से करोड़ों रुपये की लागत से हो रहे निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया है.
ग्रामीणों का कहना है कि डैम निर्माण में तय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है. उनके अनुसार संवेदक द्वारा निर्माण में बड़े-बड़े बोल्डर पत्थरों का उपयोग किया जा रहा है, जो एस्टीमेट में निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप नहीं है. इसके साथ ही मजदूरों को दी जा रही मजदूरी को लेकर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि काम में लगे मजदूरों को प्रतिदिन करीब 300 रुपये ही भुगतान किया जा रहा है, जो निर्धारित दर से कम है.
मामले की जानकारी मिलने पर जिला परिषद सदस्य माधव चंद्र कुंकल भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि चेक डैम का निर्माण किसानों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से होना चाहिए, लेकिन यदि इसमें अनियमितता बरती जा रही है तो इसकी जांच जरूरी है. उन्होंने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की.
निर्माण कार्य में कथित गड़बड़ी के विरोध में ग्रामीणों ने गांव में ठेकेदार का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया. इस दौरान राहुल बिरुवा, अरुण बिरुवा, संजय बिरुवा, मोटका बिरुवा, लक्ष्मण बिरुवा, सरदार बिरुवा, मालती देवी, राम बिरुवा, कल्पना देवी, तरंगनी देवी और नंदनी देवी समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे.