Palamu: मेदिनीनगर स्थित कोयल पुल पर बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला ने अचानक पुल से नीचे नदी में छलांग लगा दी। घटना के वक्त महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ पुल पर पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसने बच्चों को वहीं खड़ा छोड़ दिया और अचानक नदी में कूद गई। इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही टीओपी के टाइगर मोबाइल के जवान सुनील कुमार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना टीओपी वन प्रभारी इंद्रदेव पासवान को दी। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला को नदी से बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।
अस्पताल में चल रहा इलाज
गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति चिंताजनक बताई है। अस्पताल में उसका इलाज जारी है और चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।
महिला की पहचान और पारिवारिक जानकारी
पुलिस के अनुसार महिला की पहचान आरती देवी के रूप में हुई है, जो लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नावागेठा गांव की रहने वाली बताई जा रही है। उसके पति का नाम शशि राम बताया गया है। वहीं उसका मायका चैनपुर थाना क्षेत्र के गरदा नेउरा गांव में है।
मानसिक तनाव की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। हालांकि शुरुआती जांच में यह संकेत मिला है कि वह कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ कर घटना के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।