Ranchi News: रांची के बिरसा मुंडा हवाईअड्डा में चल रहे तीन दिवसीय CBRN (केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर) प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार, 13 मार्च 2026 को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम द्वारा मॉक अभ्यास आयोजित किया गय. इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य संभावित CBRN आपदा की स्थिति में हवाईअड्डा प्रबंधन और विभिन्न एजेंसियों की तैयारी, समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना था.
मॉक ड्रिल के दौरान एक काल्पनिक आपदा की स्थिति तैयार की गई और उससे निपटने की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया. इसमें यह बताया गया कि अगर एयरपोर्ट पर किसी प्रकार की रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल या परमाणु आपदा जैसी स्थिति बनती है तो राहत और बचाव कार्य किस प्रकार किए जाएंगे.
कई एजेंसियों ने मिलकर किया अभ्यास
इस मॉक ड्रिल में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अधिकारी व कर्मचारी, NDRF, CISF, विभिन्न एयरलाइंस के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित एजेंसियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया. अभ्यास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, बचाव कार्यों की प्रक्रिया और अलग-अलग एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया गया.
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण और मॉक अभ्यास से आपदा की स्थिति में सभी एजेंसियों की तैयारियों को मजबूत करने में मदद मिलती है और आपातकालीन परिस्थितियों में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है.