Ranchi Police: राजधानी रांची में बढ़ते अपराध पर लगाम कसने के लिए एसएसपी राकेश रंजन खुद मैदान में उतर गए हैं. शनिवार की देर रात लगभग दो बजे एसएसपी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए विभिन्न इलाकों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान गश्ती दल में भारी लापरवाही मिलने पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई की है.
लापरवाही पर गिरी गाज
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पीसीआर (PCR) वाहनों और हाईवे पेट्रोलिंग टीमों की सक्रियता जांची. ड्यूटी के दौरान तय मानकों का पालन न करने और कार्य में शिथिलता बरतने के आरोप में एसएसपी ने दो पुलिस जवानों को मौके पर ही निलंबित (सस्पेंड) कर दिया. इसके साथ ही उन्होंने गश्ती में तैनात अन्य अधिकारियों और जवानों को कड़ी चेतावनी देते हुए मुस्तैदी से काम करने का निर्देश दिया.
अपराध की बढ़ती घटनाओं से पुलिस पर दबाव
एसएसपी की यह सख्त कार्रवाई राजधानी में हाल के दिनों में हुई बड़ी आपराधिक वारदातों के बाद सामने आई है. दो दिन पहले ही कांके क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर राजेंद्र मुंडा नामक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी. वहीं, तमाड़ में एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया था.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
इससे पहले एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के एक होटल में घुसकर संचालक के भाई की गोली मारकर हत्या करने जैसी वारदातों ने पुलिस की गश्ती पर सवाल खड़े किए थे. एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि रात के समय गश्ती में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. शहर के संवेदनशील इलाकों और हाईवे पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि अपराधियों में डर पैदा हो सके.