Jharkhand: झारखंड में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है। राज्य के कई इलाकों में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है। पलामू और कोल्हान क्षेत्र के जिलों में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। राजधानी रांची में भी पारा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है और आने वाले दिनों में यहां तापमान 38 डिग्री तक पहुंच सकता है।
कई जिलों में पारा 39 डिग्री के पार
मौसम विभाग के अनुसार सरायकेला-खरसावां जिले में अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा जमशेदपुर और मेदिनीनगर समेत कई जिलों में भी तापमान 39 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है। बोकारो में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
सात जिलों में हीट वेव की चेतावनी
मौसम विभाग ने 14 और 15 मार्च के लिए राज्य के सात जिलों में हीट वेव की संभावना जताई है। इनमें पलामू, चतरा, लातेहार, गढ़वा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। इन क्षेत्रों में अगले दो दिनों के दौरान तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
15 मार्च के बाद बदल सकता है मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 15 मार्च के बाद राज्य के मौसम में बदलाव आ सकता है। विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं और कई स्थानों पर तेज हवा, गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान वज्रपात की भी आशंका जताई गई है, जिससे तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।
रांची में बढ़ा तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी रांची में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यहां अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक है।
मौसम वैज्ञानिकों की सलाह
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार अगले दो दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर और तेज हो सकता है। हालांकि 15 मार्च के बाद बारिश होने से मौसम में राहत मिलने की उम्मीद है।