Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-03-14

Jharkhand IAS: झारखंड के 155 IAS अफसरों की संपत्ति सार्वजनिक, मुख्य सचिव के पास पटना से दिल्ली तक जमीन-फ्लैट, इनके पास शून्य संपत्ति

Ranchi: झारखंड कैडर के 155 IAS अधिकारियों ने अपनी चल और अचल संपत्तियों का वार्षिक ब्यौरा सार्वजनिक कर दिया है. केंद्र सरकार के निर्देश पर यह जानकारी कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के पोर्टल पर अपलोड की गई है. जारी विवरण के अनुसार, राज्य के कई वरिष्ठ अफसरों की संपत्ति सिर्फ झारखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी उनकी जमीन, मकान और फ्लैट हैं.
मुख्य सचिव अविनाश कुमार की संपत्ति

1993 बैच के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने अपनी पैतृक और अर्जित संपत्तियों का विस्तृत विवरण दिया है. इसके तहत उनके पास सीतामढ़ी के सुरसंड में 1.18 एकड़ और 20 एकड़ कृषि भूमि, मुजफ्फरपुर के गन्नीपुर में हाउसिंग जमीन, पटना के बोरिंग रोड में फ्लैट, पाटलिपुत्र कॉलोनी और दानापुर में प्लॉट, नई दिल्ली के द्वारका में 1780 वर्ग फीट का 4-BHK फ्लैट (सालाना किराया करीब 5.76 लाख रुपये), लखनऊ के गोमती नगर में 6000 वर्ग फीट जमीन है. इसके अलावा रांची के अशोक नगर में 1600 वर्ग फीट और धुर्वा में 7820 वर्ग फीट जमीन भी उनके नाम दर्ज है.

शैलेश कुमार सिंह समेत अन्य की संपत्ति का ब्यौरा

1991 बैच के शैलेश कुमार सिंह ने बताया है कि देवघर में मकान और रांची के सांगा में 6000 वर्ग फीट जमीन है. वहीं 1992 बैच की निधि खरे की गौतम बुद्ध नगर में करीब 1.19 करोड़ की जमीन है. साथ ही रांची के ओल्ड एजी कोऑपरेटिव कॉलोनी में करीब 1 करोड़ का घर और 7820 वर्ग फीट प्लॉट है. 1995 बैच के नितिन मदन कुलकर्णी के पास रांची के हरमू और अशोक नगर में दो मकान है, जिनकी कीमत करोड़ों में आंकी गई है. 1995 बैच के अजय कुमार सिंह के मुताबिक सिविल सर्विसेज ऑफिसर्स, को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी लिमिटेड की ओर से 7883 स्कॉयर फीट का प्लॉट है.

वंदना दादेल समेत अन्य की संपत्ति का ब्यौरा

1996 बैच की वंदना दादेल के पास रांची के बरियातू में 7500 वर्ग फीट जमीन और खेलगांव में 1600 वर्ग फीट रो-हाउस है. 1997 बैच के सुनील कुमार वर्णवाल के पास गौतम बुद्ध नगर में 500 वर्ग मीटर जमीन, रांची के सांगा में प्लॉट और खूंटी के लोधमा में 58 डिसमिल जमीन है. 1998 बैच की अराधना पटनायक ने कांके के सांगा में 6,000 स्क्वॉयर फीट की जमीन, बरियातू में 1766 स्क्वॉयर फीट का घर, पुडुचेरी में 1200 स्क्वॉयर फीट का घर है जो पिता से मिला है. 1998 बैच के के.के सोन के नाम से कांके के सांगा में 6,000 स्क्वॉयर फीट की जमीन है.

पूजा सिंघल समेत अन्य की संपत्ति का ब्यौरा

2000 बैच की पूजा सिंघल के नाम से कोलकाता के राजरहाट में घर, कांके के सुकुरहुट्टी में 7800 स्क्वॉयर फीट का प्लॉट, बरियातू के ऑर्चिड बिल्डिंग में 4,500 स्क्वॉयर फीट का कॉमर्शियल स्पेस है जो पति अभिषेक झा के नाम से है. साथ की नगड़ी में प्रोपर्टी है जिससे सालाना 13 लाख की आमदनी होती है. वहीं 2002 बैच के मनीष रंजन के नाम से पुणे, रांची और देहरादून में अचल संपत्ति है. 2008 बैच के अरवा राजकमल के नाम से पुनदाग के जयसुमन अपार्टमेंट में आवासीय फ्लैट है. 2011 बैच के छवि रंजन के नाम से ओयना, कांके में फ्लैट है. रांची के डीसी और 2011 बैच के आईएएस मंजूनाथ भजंत्री की पत्नी के साथ बंगलुरु और रांची के पिठौरिया में संयुक्त संपत्ति है.

दो अफसरों ने घोषित की शून्य संपत्ति

जहां कई अधिकारियों ने करोड़ों की संपत्ति घोषित की है, वहीं दो आईएएस अफसरों ने खुद को बिना अचल संपत्ति वाला बताया है. इनमें 1996 बैच के मस्त राम मीणा और 2005 बैच के ऊर्जा सचिव के. श्रीनिवास शामिल हैं. दोनों अधिकारियों ने अपने विवरण में बताया है कि उनके नाम से वर्तमान में कोई अचल संपत्ति दर्ज नहीं है.

31 जनवरी तक देना था विवरण

केंद्र सरकार के निर्देश के अनुसार सभी आईएएस अधिकारियों के लिए 31 जनवरी 2026 तक अपनी चल और अचल संपत्तियों का विवरण ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य किया गया था. इसी प्रक्रिया के तहत झारखंड कैडर के 155 अधिकारियों की संपत्ति का ब्यौरा अब सार्वजनिक कर दिया गया है. कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के मुताबिक चार अफसरों ने अभी तक संपत्ति का ब्यौरा फाइल नहीं किया है, उनमें विनय कुमार चौबै, संजय कुमार, मनोहर मरांडी और कृष्ण कुमार सिंह के नाम शामिल हैं.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !