Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित मानगो बस स्टैंड के पास से पुलिस ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में गांजा और नगदी बरामद की है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिस्वजीत विश्वास और मोहम्मद ताबीज के रूप में हुई है.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो बस स्टैंड के पास कुछ युवक ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लेकर आए हैं और उसे बिहार व पश्चिम बंगाल ले जाने की फिराक में हैं. इस सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की.
शौचालय के पास से हुई धरपकड़
पुलिस टीम ने बस स्टैंड के गेट संख्या 5 के पास स्थित शौचालय के समीप संदिग्ध अवस्था में खड़े उक्त दोनों युवकों को हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध मादक पदार्थ बरामद किया गया. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजे की खेप को दूसरे राज्यों में खपाने की योजना बना रहे थे.
भारी मात्रा में गांजा और मोबाइल बरामद
गिरफ्तार बिस्वजीत विश्वास के पास से करीब 17 किलोग्राम गांजा, 5000 रुपये नगद और एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन मिला है. वहीं दूसरे आरोपी मोहम्मद ताबीज के पास से करीब 9 किलोग्राम गांजा, 1800 रुपये नगद और एक पोको कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है. फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की जांच की जा रही है.