Jamshedpur News: जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी ने अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के लिए दो प्रतिनिधियों की नियुक्ति की है. इसके तहत नौशाद आलम को विधायक प्रतिनिधि तथा मुकेश शर्मा को उप-प्रतिनिधि बनाया गया है.
दोनों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपा
रविवार को विधायक मंगल कालिंदी ने दोनों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपा. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को समय पर सुनना और उनका समाधान करना प्राथमिकता है. कई बार व्यस्तता या अन्य कारणों से उनकी अनुपस्थिति रहती है, ऐसे में नियुक्त प्रतिनिधि क्षेत्र के लोगों से सीधे संपर्क में रहकर उनकी समस्याओं को समझेंगे और संबंधित विभागों तक पहुंचाने का काम करेंगे.
विधायक ने उम्मीद जताई कि दोनों प्रतिनिधि ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे.
क्षेत्र की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता
वहीं नियुक्ति के बाद नौशाद आलम और मुकेश शर्मा ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और समय-समय पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी विधायक को भी दी जाती रहेगी.