Jamshedpur News: मिथिला सांस्कृतिक परिषद, जमशेदपुर की ओर से आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का समापन रविवार 15 मार्च को भव्य तरीके से हुआ. कार्यक्रम के अंतिम दिन धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
विद्यापति वंदना से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
समापन दिवस की शुरुआत महाकवि विद्यापति की रचना भगवती वंदना “जय-जय भैरवी” से हुई, जिसे शंकर नाथ झा ने प्रस्तुत किया. इसके बाद स्निग्धा झा ने विद्यापति के दो प्रसिद्ध गीतों की मधुर प्रस्तुति दी. कार्यक्रम में भगवती गीत पर आधारित सामूहिक भाव नृत्य भी प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा.
मुख्य अतिथि समेत कई गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह उपस्थित रहीं. विशिष्ट अतिथियों में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता, विजय खान, आनंद बिहारी दुबे, रविंद्र झा नट्टू, मनीष कुमार झा और बैंक ऑफ इंडिया के जोनल डायरेक्टर शामिल थे. परिषद की ओर से सभी अतिथियों का मिथिला की पारंपरिक पाग, शॉल और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत और सम्मान किया गया.
मिथिला समाज की मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान परिषद के महासचिव धर्मेश कुमार झा ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का स्वागत किया, जबकि अध्यक्ष मोहन ठाकुर ने अध्यक्षीय संबोधन दिया. इस मौके पर राजेश कुमार झा (सिदगोड़ा) ने परिषद की ओर से मांगपत्र पढ़ा. इसमें झारखंड की नियोजन नीति में मैथिली भाषा को शामिल करने, राज्य में मैथिली अकादमी की स्थापना करने तथा मिथिला क्षेत्र के लोगों के विभिन्न उपनामों को सरकारी गजट में प्रकाशित करने की मांग रखी गई. मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने इन मांगों को सरकार तक पहुंचाने और समाधान का प्रयास करने का भरोसा दिया.
मिथिला गौरव सम्मान से कई लोगों को किया गया सम्मानित
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को “मिथिला गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया. शिक्षा के क्षेत्र में अरुण कुमार, सरोज कुमार झा, दीपक कुमार झा, प्रमोद सिंह, कौशलेंद्र दास और शिशिर मिश्रा को सम्मानित किया गया. वहीं चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. अजय झा, डॉ. नकुल चौधरी और डॉ. ए.एन. झा को सम्मान मिला. समाजसेवा के क्षेत्र में समाजसेवी विजय शंकर मिश्रा को भी सम्मानित किया गया.
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम से सजी समापन संध्या
सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत स्थानीय कलाकार मिथिलेश मिश्र, शंकर नाथ झा, पंकज झा के साथ मिथिला की प्रसिद्ध गायिका जूली झा, कुंज बिहारी मिश्र और विकास झा ने शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया.
कार्यक्रम को सफल बनाने में युवाओं की अहम भूमिका
कार्यक्रम का संचालन अशोक कुमार झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रंजीत कुमार झा ने दिया. आयोजन को सफल बनाने में परिषद के अध्यक्ष मोहन ठाकुर, महासचिव धर्मेश कुमार झा, कोषाध्यक्ष रंजीत झा सहित सभी पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
इसके अलावा समाज के कई युवाओं ने स्वयंसेवक के रूप में दिन-रात मेहनत कर कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई, जिनमें मनोज दास, केडी रंजन, संजय कर्ण, रवि रंजन, रौशन, आर्यन, अंकित, विकास और प्रकाश समेत अन्य शामिल थे.