Jamshedpur Breaking: जीएसटी घोटाले और रियल एस्टेट निवेश के गंभीर मामले में जांच एजेंसियों ने बड़ी सफलता हासिल की है. आदित्यपुर स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (ASIA) के अध्यक्ष और लघु उद्योग झारखंड के प्रभारी इंदर अग्रवाल के भतीजे अजय अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है. जानकारी के अनुसार, झारखंड हाई कोर्ट से प्राप्त दिशा-निर्देशों के बाद यह गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई है.
रांची के होटल से हिरासत में लिया
सूत्रों के मुताबिक, अजय अग्रवाल को रांची स्थित कैपिटल हिल होटल से हिरासत में लिया गया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस और जांच टीम उसे जमशेदपुर ला रही है. इस कार्रवाई के बाद पूरे औद्योगिक और व्यापारिक जगत में हड़कंप मच गया है. माना जा रहा है कि अजय अग्रवाल की गिरफ्तारी से इस बड़े वित्तीय सिंडिकेट से जुड़े कई और राज सामने आ सकते हैं.
निवेशकों के करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप
अजय अग्रवाल पर ग्रीन वाटिका कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से निवेशकों के साथ धोखाधड़ी करने का संगीन आरोप है. आरोप है कि वह निवेशकों के लगभग 45 करोड़ रुपये लेकर फरार हो गया था. इसके अलावा, प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच में यह संकेत भी मिले हैं कि जीएसटी घोटाले से अर्जित काली कमाई को रियल एस्टेट क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश किया गया था.
जांच के दायरे में आएंगे कई बड़े नाम
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है, लेकिन जांच एजेंसियां अब अजय अग्रवाल से सघन पूछताछ कर घोटाले की हर परत खोलने की तैयारी में हैं. जांच का मुख्य केंद्र यह पता लगाना है कि इस अवैध धन के प्रवाह में और कौन-कौन से रसूखदार लोग शामिल हैं. इस गिरफ्तारी को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़े प्रहार के रूप में देखा जा रहा है.