West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अपने सभी पत्ते खोल दिए हैं. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य की कुल 294 सीटों में से 291 उम्मीदवारों के नामों का आधिकारिक ऐलान करते हुए हुंकार भरी है. ममता बनर्जी ने आत्मविश्वास के साथ दावा किया कि टीएमसी इस बार 226 से अधिक सीटें जीतकर फिर से सत्ता पर काबिज होगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि बाकी बची तीन सीटें दार्जिलिंग हिल्स में उनकी सहयोगी पार्टी बीजीपीएम (BGPM) के लिए छोड़ी गई हैं, जो वहां अपने उम्मीदवार पहले ही घोषित कर चुकी है.
सोशल इंजीनियरिंग और दिग्गजों पर भरोसा
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने उम्मीदवारों के चयन में सामाजिक समीकरणों का विशेष ध्यान रखा है. इस बार की सूची में 52 महिलाओं, 95 अनुसूचित जाति एवं जनजाति (SC-ST) के सदस्यों और 47 अल्पसंख्यक उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी गई है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी स्वयं अपनी पारंपरिक सीट भवानीपुर से चुनाव मैदान में उतरेंगी. इसके साथ ही पार्टी ने अनुभवी नेताओं पर भरोसा जताते हुए फिरहाद हकीम को कोलकाता पोर्ट, मदन मित्रा को कमरहाटी और शशि पांजा को श्यामपुकुर से चुनावी रण में उतारा है. वहीं, पूर्व पत्रकार देवदीप पुरोहित और अभिनेता सोहम चक्रवर्ती जैसे चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है.
"बंगाल के अस्तित्व की लड़ाई" और केंद्र पर तीखा हमला
उम्मीदवारों की घोषणा के दौरान ममता बनर्जी ने केंद्र की भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने इस चुनाव को “बंगाल के अस्तित्व की लड़ाई” करार देते हुए कहा कि दिल्ली की ताकत बंगाल की जनता की शक्ति को नहीं हरा पाएगी. मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन्हें लोकतंत्र पर भरोसा है, तो वे केंद्रीय एजेंसियों और गैस संकट का सहारा लिए बिना सीधे मुकाबले में आएं.
प्रधानमंत्री को जवाब और न्यायपालिका पर विश्वास
ममता बनर्जी ने तीखे लहजे में कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य की वित्तीय और प्रशासनिक शक्तियां छीनने की कोशिश की है, लेकिन वे बंगाल के लोगों के हौसले को नहीं तोड़ सकते. उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि वे बार-बार बंगाल पर हमला क्यों कर रहे हैं, जिसका जवाब राज्य की जनता मतदान के जरिए देगी. उन्होंने न्यायिक व्यवस्था के प्रति अपना विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि न्याय की जीत होगी और भाजपा का अहंकार टूटेगा.