Jharkhand Political News: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने पार्टी के खिलाफ काम करने वाले नेताओं पर कड़ी कार्रवाई की है. समिति के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव की अगुवाई में सात नेताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तीन साल के लिए बाहर कर दिया गया है. कांग्रेस संगठन ने इस फैसले को पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए जरूरी कदम बताया है.
गिरिडीह के दो नेताओं पर कार्रवाई
जानकारी के अनुसार गिरिडीह जिले के महशर इमाम और सच्चिदानंद सिंह पर लंबे समय से सोशल मीडिया के जरिए पार्टी के खिलाफ बयानबाजी और गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लग रहे थे. पार्टी की ओर से दोनों नेताओं को पहले कारण बताओ नोटिस भेजा गया था और उनसे जवाब मांगा गया था. हालांकि, अनुशासन समिति को उनका जवाब संतोषजनक नहीं लगा. इसके बाद समिति ने दोनों को तीन साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने का फैसला लिया.
नगर निकाय चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम करने का आरोप
वहीं सिमडेगा जिले के नमिता बा, आकाश सिंह, दिलीप तिर्की, शिशिर मिंज और पतरस एक्का पर नगर निकाय चुनाव के दौरान पार्टी समर्थित उम्मीदवार के खिलाफ काम करने का आरोप लगा था. मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और सबूतों के आधार पर यह पाया गया कि इन नेताओं ने पार्टी अनुशासन का उल्लंघन किया है.
तत्काल प्रभाव से लागू हुआ फैसला
अनुशासन समिति ने मामले को गंभीर मानते हुए सभी सात नेताओं को तत्काल प्रभाव से तीन साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से बाहर करने का आदेश जारी कर दिया है. कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि संगठन में अनुशासन बनाए रखना जरूरी है और पार्टी लाइन से हटकर काम करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.