Tourist Places In Jharkhand: झारखंड के कोडरमा जिले में स्थित प्रसिद्ध तिलैया डैम को अब एक अत्याधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल (ईको-फ्रेंडली) पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है. इस संबंध में एक विस्तृत "कॉन्सेप्ट प्रस्ताव" तैयार किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य डैम की प्राकृतिक सुंदरता को संरक्षित रखते हुए सतत पर्यटन को बढ़ावा देना है. अपनी आकर्षक जलराशि और चारों ओर ऊंची पहाड़ियों से घिरे होने के कारण तिलैया डैम ईको-टूरिज्म के लिए बेहद उपयुक्त माना जाता है.
उपायुक्त की अध्यक्षता में मास्टर प्लान पर मंथन
कोडरमा उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में ईको-टूरिज्म विकास को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में परियोजना की रूपरेखा और विभिन्न विकास योजनाओं पर गहन चर्चा की गई. उपायुक्त ने बताया कि इस प्रोजेक्ट का विजन केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करना भी है. मास्टर प्लान के तहत यहां आने वाले पर्यटकों के लिए प्रीफैब और लकड़ी से बने ईको-फ्रेंडली कॉटेज तैयार किए जाएंगे, जहां से झील का मनमोहक नजारा देखा जा सकेगा.
हाउसबोट और इन्फिनिटी पूल होगा मुख्य आकर्षण
तिलैया डैम के इस नए स्वरूप में सबसे खास अनुभव "हाउसबोट" का होगा. पर्यटक अब केरल की तर्ज पर जल के ऊपर रहने और लजीज व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे. इसके साथ ही आधुनिक रिसॉर्ट्स, कैफे और एक शानदार "इन्फिनिटी पूल" का निर्माण भी प्रस्तावित है. बच्चों के मनोरंजन के लिए एक विशेष सुरक्षित खेल क्षेत्र (Kids Play Zone) विकसित किया जाएगा, ताकि यह स्थान सपरिवार छुट्टियां बिताने के लिए एक परफेक्ट डेस्टिनेशन बन सके.
रोजगार के नए अवसरों के साथ चमकेगी स्थानीय संस्कृति
उपायुक्त ऋतुराज के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना के धरातल पर उतरने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के ढेरों अवसर पैदा होंगे. इससे न केवल छोटे व्यवसायों को मजबूती मिलेगी, बल्कि कोडरमा की सांस्कृतिक गतिविधियों को भी एक बड़ा मंच मिलेगा. प्रशासन का प्रयास है कि पर्यटन के विकास के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए ताकि पर्यावरण को कोई नुकसान न पहुंचे.