Jharkhand News: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तहत संचालित राज्य के मॉडल विद्यालयों में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा की तारीख तय हो गई है. यह परीक्षा 28 मार्च 2026 को झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा आयोजित की जाएगी. शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 में नामांकन हेतु होने वाली यह परीक्षा शनिवार को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक चलेगी.
19 जिलों के 60 केंद्रों पर होगा आयोजन
प्रवेश परीक्षा के सफल संचालन के लिए राज्य के 19 जिलों में कुल 60 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. जैक ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा पूरी तरह कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराई जाएगी. जिन जिलों में केंद्र बनाए गए हैं उनमें मुख्य रूप से रांची, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जैसे जिले शामिल हैं. इसके अलावा गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा और खूंटी सहित संथाल परगना के जिलों में भी सेंटर निर्धारित किए गए हैं.
20 मार्च से उपलब्ध होंगे प्रवेश पत्र
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए "प्रवेश पत्र" (Admit Card) 20 मार्च 2026 से उपलब्ध हो जाएंगे. विद्यार्थी जैक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे. बोर्ड ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे समय रहते अपना प्रवेश पत्र प्राप्त कर लें और उसमें दिए गए निर्देशों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें.
82 मॉडल स्कूलों में होगा नामांकन
झारखंड के कुल 82 मॉडल विद्यालयों में मेधावी छात्रों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से यह चयन प्रक्रिया अपनाई जा रही है. इस प्रवेश परीक्षा के माध्यम से चयनित होने वाले छात्र छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ साथ अन्य शैक्षणिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी. शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.